बहादुर कांस्टेबल ने बचाया एटीएम दो बदमाश गिरफ्तार
सारस चौकी पर तैनात कांस्टेबल उदय सिंह ने बीती रात अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एमएसजे कॉलेज के सामने स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को लूटने से बचा लिया।
भरतपुर। सारस चौकी पर तैनात कांस्टेबल उदय सिंह ने बीती रात अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एमएसजे कॉलेज के सामने स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को लूटने से बचा लिया। कांस्टेबल की तत्परता से न केवल लाखों रुपये के नुकसान को टाला गया, बल्कि एटीएम काटने की नीयत से बूथ में घुसे दो बदमाशों को भी पुलिस ने मौके से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल उदय सिंह को एटीएम में संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए एटीएम का शटर नीचे गिराकर बदमाशों को अंदर ही बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने खुद को शटर की लॉकिंग पट्टी पर मजबूती से टिकाकर बदमाशों को शटर उठाने से रोक दिया।कांस्टेबल ने इसी दौरान एक हाथ से पुलिस कंट्रोल रूम और आला अधिकारियों को सूचना दी तथा अतिरिक्त पुलिस जाब्ता मौके पर बुलाया। बैकअप टीम के पहुंचने तक उदय सिंह अकेले ही बदमाशों को बाहर निकलने से रोकते रहे।पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के बाद शटर उठाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डीग जिले के कुम्हेर क्षेत्र के अभोर्रा निवासी अजय चौधरी और अलीगढ़ जिले के इगलास निवासी कुलदीप के रूप में हुई है।कांस्टेबल उदय सिंह की इस बहादुरी और त्वरित सूझबूझ की सराहना हो रही है। उनके अदम्य साहस के लिए पुलिस अधिकारियों से उन्हें सम्मानित किए जाने की मांग भी उठ रही है।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?