वाहन चालकों का सम्मान कर जयपुर ग्रामीण पुलिस ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
जयपुर ग्रामीण पुलिस ने 17 सितंबर को Driver Dignity Day 2026 कार्यक्रम आयोजित कर वाहन चालकों का सम्मान किया। इस दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट सीट बेल्ट के उपयोग मोबाइल फोन से दूरी और नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई।
जयपुर ग्रामीण। जयपुर ग्रामीण पुलिस की ओर से गुरुवार 17 सितंबर 2026 को Driver Dignity Day 2026 कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों का सम्मान कर उनके प्रति सम्मान और गरिमा का संदेश दिया।
इस अवसर पर वाहन चालकों और आमजन को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस प्रशासन की ओर से वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पुलिस की ओर से हर संभव सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की गई। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। वाहन चलाते
समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने का संदेश भी दिया गया।
पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। जागरूकता और सावधानी से सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम के माध्यम से “चालक का सम्मान—सड़क सुरक्षा की पहचान” और “सम्मान दें, सुरक्षित चलें और सुरक्षित पहुंचें” का संदेश दिया गया।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?