बयाना में विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप
बयाना के लहचोरा खुर्द गांव में 24 वर्षीय विवाहिता रश्मि कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले में मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर 5 लाख रुपए और बुलेट बाइक की मांग को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भरतपुर/बयाना। बयाना थाना क्षेत्र के लहचोरा खुर्द गांव में 24 वर्षीय विवाहिता रश्मि कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से 5 लाख रुपए नकद और बुलेट बाइक की मांग की जा रही थी।
परिजनों के अनुसार रश्मि की शादी नवंबर 2024 में हुई थी। कुछ समय बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किए जाने का आरोप लगाया गया है। तबीयत अचानक बिगड़ने पर रश्मि को गंभीर हालत में जयपुर के एसएमएस अस्पताल ले जाया गया था। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर रश्मि की तकिए से गला दबाकर हत्या की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सकों को मृतका के गले पर रगड़ के निशान भी मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मायके पक्ष की शिकायत पर बयाना पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मृतका की मौत के कारणों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। सीओ बयाना देवेंद्र जाखड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पुलिस ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटा रही है।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही विवाहिता
की मौत की वास्तविक वजह और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?