बिना लैब बीएससी की पढ़ाई पर सवाल, उच्च शिक्षा मंत्री से प्रयोगशाला शुरू कराने की मांग
बयाना। देवनारायण राजकीय कन्या महाविद्यालय, बयाना में बीएससी की छात्राओं की पढ़ाई बिना पर्याप्त विज्ञान प्रयोगशाला सुविधा के संचालित होने का मामला सामने आया है। इसको लेकर गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष विजय सिंह बैसला ने उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा को पत्र भेजकर कॉलेज में आवश्यक साइंस लैब शुरू कराने तथा छात्राओं को नियमित प्रायोगिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग की है।
बैसला ने पत्र में बताया कि देवनारायण योजना के तहत संचालित महाविद्यालय में बीएससी के विज्ञान विषयों की पढ़ाई कराई जा रही है, लेकिन वर्तमान में छात्राओं के लिए प्रयोगशाला की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि विज्ञान विषयों की पढ़ाई केवल किताबों के माध्यम से पूरी नहीं हो सकती। प्रायोगिक प्रशिक्षण बीएससी पाठ्यक्रम का महत्वपूर्ण और अनिवार्य हिस्सा है।
उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री से कॉलेज में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान सहित आवश्यक प्रयोगशालाएं स्थापित कराने, पर्याप्त उपकरण उपलब्ध कराने और नियमित प्रायोगिक कक्षाएं शुरू कराने की मांग की।
बैसला ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण विज्ञान शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयोगशाला की सुविधा जल्द शुरू होना जरूरी है।
इधर, कॉलेज प्राचार्य सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि साइंस लैब के लिए 10 लाख रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है। चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद आवश्यक उपकरणों की खरीद की जाएगी। इसके बाद कॉलेज में साइंस लैब शुरू कर दी जाएगी।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?