उच्चैन में जिला कलेक्टर एवं एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

उच्चैन में नगरपालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मतगणना कक्ष, स्ट्रॉंग रूम एवं मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, मतदाता सुविधाओं और शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उच्चैन में जिला कलेक्टर एवं एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
उच्चैन में जिला कलेक्टर एवं एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

उच्चैन। नगरपालिका चुनाव को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं निर्बाध तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक भरतपुर ने रविवार को नगरपालिका क्षेत्र उच्चैन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मतगणना कक्ष, स्ट्रॉंग रूम सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मतगणना कक्ष एवं स्ट्रॉंग रूम की भौतिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्ट्रॉंग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को हर स्तर पर मजबूत एवं सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिला कलेक्टर ने उच्चैन स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय एवं पीएम श्री शहीद रामबाबू राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा, आवश्यक संसाधनों, सुरक्षा व्यवस्था तथा मतदान प्रक्रिया को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली।

जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। मतदान केंद्रों पर आने वाले मतदाताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा विशेष रूप से मतदान प्रक्रिया को सुचारु एवं व्यवस्थित रखने पर पूरा ध्यान दिया जाए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगरपालिका चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं।

निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी सुरेश हरसोलिया, एएसपी सुरेश कुमार, सीओ सुरेश कुड़ी, उच्चैन थाना प्रभारी राजबीर सिंह सहित उपखंड स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से चुनाव को लेकर लगातार तैयारियों की समीक्षा की जा रही है, ताकि मतदाता बिना किसी भय या परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

आपकी क्या प्रतिक्रिया है?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow